अब मार्च में हो सकती है 8वीं, 9वीं व 11वीं की परीक्षा
अब मार्च में हो सकती है 8वीं, 9वीं व 11वीं की परीक्षा
नगर निकाय चुनाव की वजह से झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) की आठवीं, नौवीं, 11वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं प्रभावित होती दिख रही है। चुनाव 23 फरवरी को है और 12वीं की हिंदी की परीक्षा इसी दिन है, जिसमें सभी संकाय के परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। वहीं, आठवीं की परीक्षा 24 फरवरी, 11वीं की परीक्षा 25 से 27 फरवरी को है और नौवीं की परीक्षा 28 फरवरी को है। जिस दिन 11वीं की परीक्षा है उसी दिन नगर निकाय चुनाव की मतगणना है। इसे देखते हुए जैक आठवीं, नौवीं और 11वीं की परीक्षाओं को अब फरवरी की जगह मार्च में कराने की तैयारी कर रहा है। वहीं, 23 फरवरी को मतगणना को देखते हुए भी 12वीं की हिन्दी परीक्षा को 25 फरवरी को कराने पर विचार किया जा रहा है। जैक के अनुसार इस मामले को देखा जा रहा है जो भी निर्णय होगा उसे देखा जा रहा है।
रांची के 52 परीक्षा केंद्रों पर भी हो सकता है चुनाव :
सरकारी स्कूलों के शिक्षकों ने बताया कि चुनाव को लेकर शिक्षकों की ही ड्यूटी लगाई जाती है। राजधानी के एक प्लस टू विद्यालय के एक शिक्षक ने बताया कि रांची में 12वीं के लिए 52 परीक्षा केंद्र है, जहां पर चुनाव बूथबनाए जाने हैं। यहीं के शिक्षकों की भी चुनावी ड्यूटी लगाई जाएगी। ऐसे में एक दिन पहले ही पुलिस बल बूथों में पहुंच जाएगी। जिस वजह से 23 फरवरी की परीक्षा को आगे बढ़ाने की मांग की जा रही है। इसी तरह 24 और 27 फरवरी को भी मतगणना से जुड़े अन्य कार्यको लेकर भी कक्षाओं की परीक्षा में परेशानी आ सकती है। जैक मैट्रिक की परीक्षा 17 फरवरी को ही समाप्त हो जाएगी। वहीं, 12वीं कक्षा के अधिकतर छात्रों की उम्र 18 वर्ष हो चुकी होगी, जो इस बार के पहले वोटर होंगे। परीक्षा आयोजन से वे वोट देने से भी वंचित हो सकते हैं।
परीक्षा की तैयारी में जुटा जिला प्रशासन, दिए निर्देश
जासं, रांचीः मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा-2026 के सफल और निष्पक्ष संचालन के लिए उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी विनय कुमार सहित सभी परीक्षा केंद्र अधीक्षक उपस्थित थे।
उपायुक्त ने परीक्षा की निष्पक्षता, सुरक्षा, अनुशासन और सुचारू संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उपायुक्त ने बताया कि मैट्रिक और इंटरमीडिएट कीपरीक्षाएं तीन फरवरी से शुरू होकर 23 फरवरी तक आयोजित की जाएंगी माध्यमिक परीक्षा प्रथम पाली में सुबह पौने नौ बजे से दोपहर एक बजे तक और इंटरमीडिएट परीक्षा द्वितीय पाली में दोपहर दो से सवा पांच बजे तक संचालित होंगी। रांची में माध्यमिक परीक्षा के लिए कुल 87 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 32,723 परीक्षार्थी शामिल होंगे। वहीं, इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए 52 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 32,243 परीक्षार्थी भाग लेंगे।

0 Comments